गरियाबंद वन विभाग ऑक्सन हॉल में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन हुआ। इस मौके पर जिले के उन चुनिंदा 15 शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया। उन्हें सम्मान पत्र के साथ 7000 और
5,000 रुपये की नकद राशि दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद विधायक रोहित साहू ने शिक्षकों को समाज का निर्माता करार देते हुए उनकी जमकर तारीफ की।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम हो रहा है। खास तौर पर गरीब बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा की योजनाएं चल रही हैं। इस दौरान उन्होंने बड़ी घोषणाएं भी कीं। गरियाबंद में जल्द ही नालंदा परिसर का निर्माण शुरू होगा। साथ ही एक आधुनिक ऑडिटोरियम और मिनी स्टेडियम भी बनाया जाएगा। इतना ही नहीं, क्षेत्र के विकास के लिए 43 करोड़ रुपये की लागत से 3.50 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण होगा और राजिम से छुरा तक दो लेन सड़क का प्रस्ताव भी विधानसभा से पास हो चुका है।
रोहित साहू ने कहा कि राजिम विधानसभा के लिए कई और योजनाएं पाइपलाइन में हैं, जो इस क्षेत्र को तरक्की की राह पर ले जाएंगी।
यह सम्मान समारोह शिक्षकों के सम्मान का प्रतीक है। शिक्षक हमारे समाज के आधार हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उनका सपना है कि छत्तीसगढ़ का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करे।
इसके लिए स्कूलों को आधुनिक बनाया जा रहा है और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं चल रही हैं। गरियाबंद में नालंदा परिसर, ऑडिटोरियम और मिनी स्टेडियम जल्द बनेंगे। साथ ही 43 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण और राजिम-छुरा दो लेन सड़क का काम भी शुरू होगा। यह क्षेत्र प्रगति की ओर बढ़ रहा है।