गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने गौ संरक्षण, गौ संवर्धन, गौ उत्पाद और गौ पालन के प्रति जागरूकता लाने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग, पंचायत विभाग, नगरीय निकाय सहित सभी संबंधित विभागों को जमीनी स्तर पर गाय के विभिन्न महत्व को बताते हुए आमजन को जागरूक करने कहा।
पटेल ने गो वंश के जागरूकता अभियान में गौ शालाओं तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से भी भागीदारी निभाने की अपील की। बैठक में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, अपर कलेक्टर अरविंद पांडे, प्रकाश राजपूत उप संचालक पशुधन विकास विभाग ओ पी तिवारी, पशु चिकित्सक गण, कृषि, राजस्व विभाग के अधिकारी सहित जिले के गौशाला संचालक गण भी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग अध्यक्ष ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में ली बैठक
छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल ने बैठक में गौ माता के विभिन्न महत्व के बारे में बताया। उन्होंने गायों के लिए आश्रय स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विभागीय अधिकारी कर्मचारी और स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से भी जन-जन को जमीनी स्तर पर गाय के महत्व को समझाने और जागरूक करने कहा।
उन्होंने पुलिस विभाग को गायों की तस्करी पर विशेष निगरानी रखते हुए इसे रोकने के लिए सजगता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौ सेवा के लिए जिले में बेहतर कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि गाय के दूध के साथ उनके गोबर एवं मूत्र भी फायदेमंद होते है। इसमें विभिन्न प्रकार के लाभदायक जीवाणु पाए जाते है।
पटेल ने कहा कि लोगों को गाय के संरक्षण एवं आश्रय के लिए जागरूक किया जाए। जिससे सड़कों में कोई भी मवेशी निराश्रित न रहे। उन्होंने कहा कि मवेशियों के बेहतर रख रखाव एवं संरक्षण के लिए सरकार गो धाम योजना ला रही है। इसके माध्यम से पशुओं के रखरखाव के लिए सुविधाएं विकसित की जाएगी।